Spread the love

भीमताल में विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

भीमताल। माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के क्रम में तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में राजीव गांधी पंचायत भवन पाण्डेयगांव, भीमताल में विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का संचालन सिविल जज (सीडी) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्रीमती पारुल थपलियाल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस प्रतिवर्ष 15 मार्च को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके संरक्षण को सुनिश्चित करना है। शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता और उससे जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर पीड़ित प्रतिकर योजना के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। बताया गया कि यह योजना अपराध पीड़ितों को न्याय, सहायता और पुनर्वास प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पीड़ितों को आर्थिक सहायता और कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।

शिविर में थाना भीमताल से महिला कांस्टेबल कविता पुनेठा ने भी ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों को ओटीपी किसी के साथ साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1930, 112 और 1090 पर तुरंत सूचना देने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा को लेकर गुड टच और बैड टच के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नवीन चंद्र, सामाजिक कार्यकर्ता नितेश बिष्ट, अंजू पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love