बागेश्वर में विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया “सड़क सुरक्षा: जीवन रक्षा” अभियान
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को दी गई मोटर वाहन अधिनियम व साइबर अपराधों की जानकारी
🖋 संवाददाता – सीमा खेतवाल

बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत, माह जुलाई 2025 में संचालित किए जा रहे दो दिवसीय “सड़क सुरक्षा: जीवन रक्षा” अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर द्वारा सोमवार को एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बागेश्वर में संपन्न हुआ, जहां छात्राओं को मोटर वाहन अधिनियम, गुड समेरिटन प्रावधानों, और साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर की सचिव अनीता कुमारी ने छात्राओं को प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, मुफ्त विधिक सहायता की प्रक्रिया और सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन कर स्वयं को और दूसरों को सुरक्षित रखने में भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर रिटेनर अधिवक्ता द्वारा भी छात्राओं को साइबर सुरक्षा, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, और सड़क पर चलते समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में “सड़क सुरक्षा: जीवन रक्षा” विषय पर आधारित पैम्फलेट भी छात्राओं को वितरित किए गए, ताकि वे घर और समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाने में योगदान दे सकें।
इस तरह के जागरूकता शिविरों के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर का उद्देश्य नागरिकों विशेषकर युवा पीढ़ी को कानूनी जानकारी से सशक्त बनाना और समाज में सुरक्षित परिवेश सुनिश्चित करना है।
