Spread the love

कैफे में लगी भीषण आग से लाखों का नुकसान, बिजली विभाग की लापरवाही पर फूटा गुस्सा

हल्द्वानी। शहर में बिजली विभाग की लापरवाही ने एक रेस्टोरेंट संचालक की मेहनत पर पानी फेर दिया। ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र के पास स्थित कैफे18 में देर रात अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग पास के बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट होने से भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में कैफे का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

कैफे संचालक अभय नेगी ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को रेस्टोरेंट के पास लगे पुराने बिजली के पोल को दूसरी ओर शिफ्ट करने की मांग की थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि विभाग की इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हुआ है।

अभय नेगी के अनुसार, इस आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और खाद्य सामग्री शामिल है। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।

वहीं स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि अगर समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टल सकता था।

इस संबंध में एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

“नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी,” – राहुल शाह, एसडीएम हल्द्वानी


Spread the love