Spread the love

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला एकता मंच का आयोजन: सुंदरखाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सभा

सुंदरखाल, 8 मार्च 2025: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एकता मंच द्वारा ग्राम सुंदरखाल में एक सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया, जिनमें “लड़ने चली हूं मैं आज़ादी की जंग,” “एक कली दो पत्तियां,” और “औरत है कमजोर नहीं” शामिल थे।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए कौशल्या ने देश की पहली महिला शिक्षिका, सावित्रीबाई फुले को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और महिलाओं से संगठित होकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सभी क्षेत्रों में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं, फिर भी समाज में महिलाओं को वह स्थान नहीं मिल पाया है, जिसके वे हकदार हैं।

दीपा ने कहा कि 8 मार्च को हम महिलाओं के संघर्षों की विरासत को आगे बढ़ाने का दिन मानते हैं, लेकिन यह दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया गया है, जो महिलाओं के संघर्षों के प्रति उपेक्षा को दर्शाता है।

समाजवादी लोकमंच से जमन राम ने यूसीसी कानून को जनविरोधी और महिला विरोधी बताते हुए कहा कि यह कानून भारत के संविधान, स्वतंत्रता के मूल्यों और निजता का उल्लंघन करता है।

महिला एकता मंच की संयोजक ललिता रावत ने जानकारी दी कि 11 मार्च को ग्राम वीरपुर लच्छी में भी महिला दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सभा को किसान संघर्ष समिति के महेश जोशी और दीपा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मीरा, लक्ष्मी, नीलू रस्तोगी, सुनीता, आशा, कमला, संतोषी, ज्योति, गुंजन, काजल, विनीता, प्रीति, मोहिनी, तुलसी देवी, केसुली देवी, प्रियंका, मधुली देवी, शांति देवी, मन्जू, पायल, तनीषा, उमा, ज्योति, सुनीता, हीरा, सोनी, प्रेम राम, पप्पू दीवान, उत्तम समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Spread the love