अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला एकता मंच करेगा कार्यक्रम, 8 मार्च को पूछड़ी और 11 मार्च को मालधन चंद्रनगर में होंगी सभाएं
नैनीताल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एकता मंच ने क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। मंच की ओर से 8 मार्च को वन ग्राम पूछड़ी तथा 11 मार्च को मालधन चंद्रनगर में महिला सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की महिलाएं अपने मुद्दों और अधिकारों पर चर्चा करेंगी।
ग्राम पूछड़ी में आयोजित बैठक में धना तिवारी ने कहा कि 8 मार्च महिलाओं का अपना दिन है, जिस दिन महिलाएं एकत्र होकर अपने सुख-दुख साझा करती हैं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करती हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में महिला दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
वहीं कालूसिद्ध गांव में जनसंपर्क के दौरान आयोजित बैठक में सरस्वती जोशी ने कहा कि दुनिया में बढ़ते युद्ध और संघर्षों का असर आम जनता, खासकर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि युद्धों के कारण वैश्विक स्तर पर आर्थिक अस्थिरता बढ़ती है, जिसका प्रभाव भारत में भी महंगाई और व्यापार पर पड़ता है। उन्होंने महिलाओं से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को युद्ध विरोधी दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया।
कौशल्या ने कहा कि युद्ध का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है, इसलिए दुनिया की जनता को युद्धों का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शांति और समानता के लिए महिलाओं को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
इस दौरान शांति मेहरा ने क्षेत्र की महिलाओं से 8 मार्च को दिन में 11 बजे रामलीला परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
बैठक में शांति मेहरा, दीपा ध्यानी, ममता, धर्मा, दुर्गा, गीता, मनी, श्यामा, लीला, हंसी देवी, पुष्पा, कमला, बचुली, आशा, भागुली, कौशल्या, सरस्वती जोशी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
