देहरादून में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: उप शिक्षा अधिकारी सहित दो गिरफ्तार, RTE भुगतान के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां विजिलेंस टीम ने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, डोईवाला विकासखंड में तैनात उप शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को विजिलेंस टीम ने नेपाली फार्म क्षेत्र में ट्रैप के दौरान पकड़ा। उनके साथ एक महिला, पुष्पांजलि, को भी सह-आरोपी के रूप में हिरासत में लिया गया है। दोनों को पूछताछ के लिए रायवाला कोतवाली ले जाया गया है।
विजिलेंस को मिली शिकायत में आरोप था कि उप शिक्षा अधिकारी ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक निजी स्कूल संचालक से शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास करने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म में अपनी निजी कार से रिश्वत की रकम लेने पहुंचे। जैसे ही लेन-देन हुआ, विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता थाना देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 7/2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट (पुत्र गिन्दू सिंह), जो वर्तमान में डोईवाला में उपशिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं, को गिरफ्तार किया गया है। उनके साथ पुष्पांजलि (पत्नी पंकज शर्मा), निवासी डालनवाला देहरादून और संचालिका उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल, गुमानीवाला (ऋषिकेश) को भी गिरफ्तार किया गया है।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मामला RTE के तहत मिलने वाली सरकारी धनराशि से जुड़ा है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


