हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृहद कार्यशाला, स्वास्थ्य, योग और साइबर सुरक्षा पर मिली अहम जानकारी
हल्द्वानी में समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक दिवसीय वृहद कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शनिवार को नैनीताल रोड स्थित फॉर्चून होटल, वॉकवे मॉल में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, योग, मानसिक संतुलन और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। योग गुरु रोहित ने योग और नियमित व्यायाम के महत्व को बताया, वहीं डॉक्टर वैशाली उप्रेती ने आयुर्वेद और संतुलित आहार के बारे में उपयोगी सुझाव दिए। डॉक्टर युवराज पंत ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर प्रकाश डाला।
इसके साथ ही सद्दाम हुसैन और सुरेंद्र सिंह ने साइबर क्राइम से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। लाइफ कोच राकेश चंदोला ने जीवन को सुखमय और खुशहाल बनाए रखने के लिए समन्वय (LSD) के मूल मंत्र पर विस्तार से जानकारी दी, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रभाकर जोशी और सांस्कृतिक दल ने अपने गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को आनंदमय बना दिया।
वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे और महासचिव डी.के. पांडे ने बताया कि इस कार्यशाला में लगभग 100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया और इस तरह के आयोजन को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा और श्रीमती शांति मेहरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के निदेशक संदीप तिवारी, संयुक्त निदेशक विश्वनाथ और जिला समाज कल्याण अधिकारी नैनीताल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और इस पहल की सराहना की।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
