Spread the love

हल्द्वानी: सोते समय सांप के डसने से विवाहिता की दर्दनाक मौत, दो साल पहले हुई थी शादी

हल्द्वानी। किच्छा में एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय विवाहिता की सांप के डसने से मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए किच्छा से रुद्रपुर होते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शनिवार को मृतका के मायके पक्ष की अनुपस्थिति के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। आज रविवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से कुशीनगर (गोरखपुर) के तमकुही रोड निवासी अमित चौधरी किच्छा में एक निजी संस्था में कार्यरत हैं। वे अपनी पत्नी रीता देवी (उम्र 23 वर्ष) और मां के साथ किराए के मकान में रहते हैं। अमित और रीता की शादी दो साल पहले हुई थी।

अमित ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे सभी लोग गहरी नींद में थे। तभी अचानक एक किंग कोबरा घर में घुस आया और रीता को डस लिया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल किच्छा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रुद्रपुर रेफर कर दिया। रुद्रपुर में हालत और बिगड़ने पर उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शनिवार तड़के उपचार के दौरान रीता ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, शादी को दो वर्ष ही हुए हैं, इसलिए नियमानुसार पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में ही किया जाएगा। साथ ही मृतका के मायके पक्ष की उपस्थिति भी अनिवार्य है। रीता मूल रूप से कुशीनगर के सिसवां बाजार की रहने वाली थी। शनिवार को मायके पक्ष के न पहुंच पाने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब रविवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।


Spread the love