हल्द्वानी में धराली आपदा पीड़ितों की स्मृति में सामूहिक मौन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन
इकपर्णिका योग परिवार द्वारा श्रद्धांजलि एवं संबल की विशेष पहल
हल्द्वानी: उत्तराखंड के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में अनेक निर्दोष नागरिकों की मृत्यु हो गई और कई परिवारों पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा। इस दुखद घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए, इकपर्णिका योग परिवार द्वारा आज दिनांक 7 अगस्त 2025 (बुधवार) को एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 4 बजे से इकपर्णिका भवन, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी में एक मिनट का सामूहिक मौन और उसके पश्चात सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह आयोजन आपदा में दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को मानसिक व आत्मिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में योगसाधकों, स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी जनों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि “उत्तराखंड की पीड़ा में हम सब साथ हैं — उसकी आत्मा अकेली नहीं है।”
उल्लेखनीय है कि इकपर्णिका भवन में प्रतिदिन निःशुल्क योग कक्षाएं संचालित की जाती हैं, जो केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आत्मिक उत्थान को भी समर्पित हैं। यह कक्षाएं भाजपा नेता श्री मनोज पाठक के नेतृत्व में इकपर्णिका योग परिवार द्वारा चलाई जाती हैं।
आज के कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री मनोज पाठक, भावना पाठक, नरेंद्र बोरा, प्रीति, गौरीशंकर कांडपाल, इंद्र सिंह मेहरा, गीता उप्रेती, प्रेम उप्रेती, साक्षी तिवारी, प्रभात तिवारी, गीता खाती, चंपा पांडे, करण पांडे सहित कई अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
