Spread the love

खुर्पाताल में राज्य आंदोलनकारियों की बैठक, समस्याओं के समाधान पर बनी रणनीति

डॉ. नारायण सिंह जंतवाल की मौजूदगी में कार्यकारिणी सदस्यों ने ली शपथ

खुर्पाताल (नैनीताल), 15 दिसंबर 2025। राज्य निर्माण सेनानी वेलफेयर एसोसिएशन उत्तराखंड की केंद्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज खुर्पाताल, नैनीताल में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन एवं मनोनयन किया गया।

बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी, संरक्षक पान सिंह रौतेला, महासचिव प्रभात ध्यानी, कोषाध्यक्ष मनमोहन कन्याल, उपाध्यक्ष पान सिंह सिजवाली, केंद्रीय संगठन मंत्री कंचन चंदोला, विधि सलाहकार लीला बोरा तथा ऑडिटर के रूप में तारा सिंह को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी डॉ. नारायण सिंह जंतवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट मोहन कांडपाल उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता खड़क सिंह बगड़वाल ने की।

बैठक में उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य निर्माण सेनानी वेलफेयर एसोसिएशन उत्तराखंड के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड राज्य एवं राज्य आंदोलनकारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से निरंतर संवाद एवं संघर्ष करने का एकमत से संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. नारायण सिंह जंतवाल द्वारा नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। साथ ही केंद्रीय कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नैनीताल जिले के जिला अध्यक्ष पद पर श्री गणेश सिंह बिष्ट तथा अल्मोड़ा जिले के जिला अध्यक्ष पद पर श्री वीरेंद्र बजेठा को मनोनीत किया गया। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शीघ्र ही जिला स्तर पर कार्यकारिणी के विस्तार हेतु बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डॉ. सुरेश डालाकोटी, दीवान सिंह कनवाल, पान सिंह नेगी, बिशन सिंह मेहता सहित अनेक वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।


Spread the love