Haldwani में आज और कल बंद रहेगा गौला नदी का खनन कार्य, वीवीआईपी मूवमेंट के चलते फैसला
हल्द्वानी। गौला नदी से उपखनिज निकासी पर प्रशासन ने दो दिनों के लिए पूर्ण रोक लगा दी है। उत्तराखंड वन विकास निगम के प्रभागीय लॉगिंग प्रबंधक ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करते हुए बताया कि 21 और 22 मार्च 2026 को गौला नदी के सभी खनन गेट बंद रहेंगे और किसी भी प्रकार का चुगान कार्य नहीं किया जाएगा।
यह निर्णय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल द्वारा जारी निर्देशों के बाद लिया गया है। दरअसल, जनपद में प्रस्तावित बड़ी जनसभा और वीवीआईपी रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन का मानना है कि वीकेंड के साथ वीवीआईपी मूवमेंट के चलते शहर में भीड़ का दबाव काफी बढ़ सकता है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति पैदा हो सकती है, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पुलिस के यातायात सेल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खनन कार्य पर रोक लगने से दो दिनों तक हजारों वाहनों का संचालन प्रभावित रहेगा। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध केवल 21 और 22 मार्च तक ही लागू रहेगा। इसके बाद परिस्थितियां सामान्य होने पर खनन कार्य को फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
प्रशासन ने वाहन स्वामियों और आम जनता से अपील की है कि वे इस अवधि में सहयोग करें, ताकि रैली और अन्य कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
