Spread the love

मंत्रिमंडल विस्तार से पहले खाली होंगे मंत्री आवास, संपत्ति विभाग ने थमाए नोटिस

देहरादून। उत्तराखंड में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से पहले राज्य संपत्ति विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने कैबिनेट मंत्री स्तर के तीन आवास खाली कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं। इनमें एक आवास पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, दूसरा दिवंगत मंत्री चंदन रामदास के परिजनों और तीसरा सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी को आवंटित था।

गौरतलब है कि अप्रैल 2023 में मंत्री चंदन रामदास का निधन हो गया था। उन्हें देहरादून की यमुना कॉलोनी में सरकारी आवास मिला हुआ था, जो अभी तक विभाग को वापस नहीं मिला है। इसी तरह, पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने 16 मार्च को अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद उन्हें आवास खाली करना था। वहीं, सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी को कैबिनेट मंत्री स्तर का आवास आवंटित किया गया था, जिसे अब खाली कराने की तैयारी है।

बुधवार को राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्था अधिकारी रविंद्र पांडेय ने इन आवासों को खाली करने के लिए नोटिस जारी किए। इस कार्रवाई की पुष्टि राज्य संपत्ति सचिव रणवीर सिंह चौहान ने भी की है। उधर, राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने विधानसभा पहुंचकर मंत्रियों के रिक्त कार्यालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया।

विभाग का कहना है कि नए मंत्रियों के आवास और कार्यालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं।


Spread the love