इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने अलीगढ़ पहुंची नाबालिग, घर की याद आई तो गढ़ दी अपहरण की कहानी — हल्द्वानी पुलिस ने किया बरामद
हल्द्वानी। शहर की एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया था। किशोरी 20 नवंबर की सुबह ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन शाम तक न लौटने पर परिजनों ने चिंता जताते हुए पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें 👉 चम्पावत में 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा
अगले दिन अलीगढ़ पुलिस को एक इमरजेंसी कॉल मिली, जिसमें नाबालिग ने दावा किया कि उसे कोई व्यक्ति अलीगढ़ ले आया है। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने उसे वहीं से सुरक्षित बरामद कर लिया और स्थानीय पुलिस की मदद से हल्द्वानी भेज दिया।
हल्द्वानी में बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किए जाने पर काउंसलिंग के दौरान किशोरी ने शुरुआत में अपहरण की कहानी दोहराई। लेकिन पुलिस द्वारा पुनः पूछताछ करने पर उसने सच बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी अलीगढ़ निवासी एक किशोर से दोस्ती हुई थी, और वह उसी से मिलने खुद अलीगढ़ गई थी। दोनों ने एक दिन साथ समय बिताया, लेकिन अगले दिन परिवार की याद आने पर उसने पुलिस को अपहरण की झूठी सूचना दे दी।
यह भी पढ़ें 👉 कमस्यार घाटी में भालू का आतंक
किशोरी के पिता का देहांत हो चुका है और वह अपनी मां के साथ रहती है। जिस लड़के से वह मिलने गई थी, वह भी नाबालिग है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही पूरे प्रकरण की आगे जांच की जा रही है।
