Spread the love

रामगढ़ में धूमधाम से मनाई गई मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की जयंती

वंचित समाज के उत्थान में टम्टा जी के योगदान को किया याद, बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

रामगढ़। ब्लॉक के हरीनगर गांव में मंगलवार को मुंशी हरि प्रसाद टम्टा जी की जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोचन जी ने की।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश चन्द्र (जीतू) ने कहा कि टम्टा जी ने वंचित समाज के लिए जो अभूतपूर्व कार्य किए, उसी कारण उन्हें उत्तराखंड का “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर” भी कहा जाता है। उन्होंने बताया कि टम्टा जी के प्रयासों से 1930-40 के दशक में कुमाऊं और गढ़वाल के भूमिहीन शिल्पकारों को ब्रिटिश सरकार द्वारा 30 हजार एकड़ कृषि भूमि वितरित की गई थी।

कार्यक्रम में प्रकाश चन्द्र प्रेम पथिक ने उनकी जीवनी और संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही स्थानीय विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

जयंती समारोह में भुवन चंद्र, गणेश आर्या, नवीन आर्या, ग्राम प्रधान गीता देवी, ऋषभ आर्या, संदीप रत्न सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love