प्रदूषण पर नगर पंचायत सख्त: क्रशर और पेपर मिल प्रबंधन को बोर्ड के सामने पेश होने का आदेश
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में बढ़ते ध्वनि और वायु प्रदूषण को लेकर नगर पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को नगर पंचायत लालकुआं के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया। बैठक में 25 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया।
बैठक के दौरान सदस्यों ने क्षेत्र में बढ़ते ध्वनि और वायु प्रदूषण से खांसी, दमा और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे पर चिंता जताई। इसके बाद बोर्ड ने सख्त फैसला लेते हुए संबंधित क्रशर उद्योगों और सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन को नगर पंचायत बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी करने का निर्णय लिया।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यदि उद्योगों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो आगे कड़ी कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भी पत्र भेजा जाएगा।
बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे फेरी-फड़ लगाने वालों के लिए वेंडिंग जोन बनाने, हाट बाजार क्षेत्र में बहुउद्देशीय कॉम्प्लेक्स निर्माण, स्वच्छता अभियान को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में प्राप्त प्रथम पुरस्कार की धनराशि के वितरण तथा नगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नगर पंचायत के सभी सभासद और कर्मचारी मौजूद रहे।
