नैनीताल हाईकोर्ट बार चुनाव: डीसीएस रावत अध्यक्ष, सौरभ अधिकारी बने महासचिव
नैनीताल। नैनीताल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। अध्यक्ष पद पर डीसीएस रावत ने शानदार और एकतरफा जीत दर्ज की। रावत को कुल 668 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डीके जोशी को 249 वोट मिले। अन्य उम्मीदवारों में मनीषा भंडारी को 124 तथा अंजली भार्गव को 53 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार डीसीएस रावत ने स्पष्ट बहुमत के साथ अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

महासचिव पद पर मुकाबला बेहद रोचक रहा, जहां सौरभ अधिकारी ने 436 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अक्षय लटवाल को 419 मत मिले, जबकि भूपेंद्र कोरंगा को 246 वोट प्राप्त हुए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुशील वशिष्ठ ने 570 मत प्राप्त कर प्रेम कौशल (515 मत) को पराजित किया। महिला उपाध्यक्ष पद पर मीना बिष्ट ने 723 मत पाकर चेतना लटवाल (356 मत) को भारी अंतर से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर शुभ्र रस्तोगी ने 346 मत हासिल कर गुरबानी सिंह (241 मत) को शिकस्त दी।

बार एसोसिएशन चुनाव में कुल 1689 पंजीकृत मतदाताओं में से 1112 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। ‘वन वोट, वन बार’ नियम का सख्ती से पालन करते हुए मतदान से पूर्व सभी अधिवक्ताओं से शपथपत्र भरवाए गए।
मतदान के दौरान लंच अवकाश में हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा मतदान स्थल पर पहुंचे। सभी न्यायाधीश पूर्व में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी पहले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

कनिष्ठ कार्यकारिणी के चार सामान्य सदस्य पदों पर हुए चुनाव में विक्रम सिंह धपोला (263), देवेंद्र सिंह ‘छोटू’ (256), पंकज सेमवाल (230) एवं श्वेला हुसैन (227) सर्वाधिक मत प्राप्त कर निर्वाचित घोषित किए गए। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर भुवनेश जोशी, मनोज कुमार शर्मा, निरंजन कुमार भट्ट, शिवांगी गंगवार एवं विश्व प्रकाश बहुगुणा निर्विरोध चुने गए।
इसके अतिरिक्त कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौरव कांडपाल, उप सचिव (प्रशासन) पद पर विश्वस्त कांडपाल, उप सचिव (प्रेस) पद पर प्रसन्ना कर्नाटक, पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर अविदित नौलियाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी (महिला) पद पर श्रुति जोशी तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी (महिला) पद पर उन्नति पंत निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी कुर्बान अली, सलाहकार रविन्द्र सिंह बिष्ट, पर्यवेक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता एमसी कांडपाल, डॉ. महेंद्र पाल सहित चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम की अहम भूमिका रही। इस चुनाव में उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग सहित प्रदेश के सभी जनपदों से अधिवक्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की।
संक्षेप में परिणाम:
- अध्यक्ष: डीसीएस रावत – 668, डीके जोशी – 249, मनीषा भंडारी – 124, अंजली भार्गव – 53
- महासचिव: सौरभ अधिकारी – 436, अक्षय लटवाल – 419, भूपेंद्र कोरंगा – 246
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष: सुशील वशिष्ठ – 570, प्रेम कौशल – 515
- महिला उपाध्यक्ष: मीना बिष्ट – 723, चेतना लटवाल – 356
-
कोषाध्यक्ष: शुभ्र रस्तोगी – 346, गुरबानी सिंह – 241
