नैनीताल पुलिस ने त्योहारों के मद्देनज़र शुरू किया ‘ऑपरेशन रोमियो’ अभियान

नैनीताल। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र, नैनीताल पुलिस ने ज़िले भर में ‘ऑपरेशन रोमियो’ अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल, श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशानुसार, यह अभियान सभी थाना क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और महिलाओं, बुजुर्गों व आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

त्योहारों के दौरान बाज़ारों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए, पुलिस खास तौर पर अराजक तत्वों और हुड़दंग मचाने वालों पर कड़ी नज़र रख रही है।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग न हो सके।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जारी रहेगा।
