“ऑपरेशन कालनेमि” : ढोंगी बाबाओं के खिलाफ नैनीताल पुलिस का सख्त एक्शन
नैनीताल, 11 जुलाई 2025। उत्तराखंड में ढोंग, अंधविश्वास और धर्म के नाम पर हो रहे शोषण के खिलाफ सरकार ने बड़ा अभियान छेड़ा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुरू किए गए “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत प्रदेशभर में फर्जी बाबाओं और तथाकथित धर्मगुरुओं की धरपकड़ के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, श्री प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर जनपद में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ढोंगी बाबाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिले में “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत मंदिर परिसरों, आश्रमों, डेरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर लगातार सघन चेकिंग और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और साधु-वेशधारी लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है, साथ ही फर्जी बाबाओं की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से जानकारी एकत्र की जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्म और आस्था के नाम पर ठगी, तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या अन्य अंधविश्वास फैलाकर जनता को भ्रमित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति धार्मिक आस्था का गलत फायदा उठाकर शोषण कर रहा है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
“ऑपरेशन कालनेमि” का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि जनता की धार्मिक आस्था की रक्षा करना है, जिसमें पुलिस और समाज की संयुक्त भागीदारी बेहद जरूरी है।