अब बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करेगा एआई रोबोट
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सूपी कपकोट में शिक्षा में तकनीकी नवाचार, इण्डिया केयर टुडे संस्था ने दिया एआई रोबोट
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर। शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के समावेश की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सूपी कपकोट में अब एआई (Artificial Intelligence) रोबोट छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करेगा। यह पहल इंडिया केयर टुडे संस्था द्वारा की गई है, जिसने विद्यालय को अत्याधुनिक एआई रोबोट उपलब्ध कराया है।
यह रोबोट विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर विभिन्न भाषाओं में देने की क्षमता रखता है। साथ ही यह उन्हें विषयवार जानकारी सरल, आकर्षक और रुचिकर तरीके से प्रदान करता है। इस नई तकनीक के आगमन से विद्यालय परिवार और विद्यार्थी अत्यंत उत्साहित हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन प्रकाश के अथक प्रयासों से यह नवाचार संभव हो सका। उन्होंने बताया कि नवीन तकनीक शिक्षा को अधिक सरल, प्रभावी और रोचक बनाने में सहायक है। प्रधानाचार्य ने कहा,
“यह एआई रोबोट बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को और गतिशील बनाएगा तथा उनमें आत्मविश्वास और जिज्ञासा दोनों को बढ़ाएगा।”
जानकारी के अनुसार, रोबोट की कीमत लगभग ₹8 लाख है। विद्यालय में इस समय करीब 250 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यह विद्यालय जनपद बागेश्वर के कपकोट ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है, जहां इस तरह की आधुनिक तकनीकी सुविधा का पहुँचना एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए खुशी व्यक्त की और कहा कि यह कदम ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा में डिजिटल क्रांति साबित होगा।
