घर के भीतर रहस्मय तरीके से जोरदार धमाका,महिला लगभग 50 प्रतिशत झुलसी
प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
रिपोर्ट-सीमा खेतवाल
बागेश्वर- शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कठायतबाड़ा में रहस्यमय तरीके से धमाका हो गया। इस घटना में घर में खाना बना रही महिला घायल हो गई हैं। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
कठायतबाड़ा निवासी दरबान सिंह हरड़िया के मकान में पंकज भटट अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। मंगलवार की दोपहर उनकी पत्नी महिमा भटट किचन में खाना बना रहीं थी। इसी दौरान घर के भीतर रहस्मय तरीके से जोरदार धमाका हुआ। जिसमें किचन में खाना बना रही महिला महिमा भट्ट लगभग 50 प्रतिशत झुलस गई। धमाका इतना जोर का था कि घर के दरवाजे, शीशे तथा लोहे के ग्रिल तक क्षतिग्रस्त हो गए।
धमाका कैसे हुए यह रहस्य बना हुआ है। क्योंकि घर में सिलेंडर, फ्रिज, गीजर सहित अन्य धमाके वाली चीजें सुरक्षित हैं। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड तथा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुची लेकिन धमाके की असल वजह नहीं बता पा रहे हैं। हालांकि पुलिस सिलेंडर के गैस के प्रेशर को धमाके की वजह बता रहे हैं। रहस्यमय तरीके से हुए यह धमाका लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।
