आपदा पीड़ितों के बीच पहुंचे अधिकारी, शिविर में की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
#आपदा_के_दौरान_अपनों_के_साथ_अपनों_के_बीच
संवाददाता – सीमा खेतवाल
कनलगड़ घाटी की ग्राम पंचायत पौसारी में आई भीषण आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद और उनके जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री जी के निर्देशानुसार प्रशासनिक टीम आपदा राहत शिविर (बैसानी) पहुंची। इस दौरान प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया और शिविर में भोजन व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित जनों तक सहायता समय पर पहुंचे तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सरकार शीघ्र ही सभी प्रभावितों के पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम उठाएगी और पीड़ित परिवारों का जीवन पूर्व की भांति सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त कन्यालीकोट को ग्राम पंचायत सुमटी व जगथाना से जोड़ने वाले मोटर मार्ग (लगभग 200 मीटर हिस्सा पूर्ण रूप से वॉशआउट) के पुनर्निर्माण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मार्ग को शीघ्र सुचारू करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
