Spread the love

बरेली रोड पर दर्दनाक हादसा: बाइक सवार व्यापारी की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत

हल्द्वानी।शहर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हल्दूचौड़ निवासी व्यापारी की जान चली गई। बरेली रोड स्थित एसबीआई कट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय दीपक जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक जोशी रविवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। जब वे एसबीआई के सामने बने कट के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज गति की कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल व्यापारी को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक दीपक जोशी हल्दूचौड़ क्षेत्र में बिजली की दुकान चलाते थे और क्षेत्र में एक मेहनती और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से क्षेत्रवासियों में भी गहरी शोक की भावना है।

दीपक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल छाया हुआ है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है, वहीं टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की तलाश भी की जा रही है।


Spread the love