Spread the love

दर्दनाक हादसा: गधेरे में नहाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत, गौचर क्षेत्र में शोक की लहर

गौचर (चमोली)। गौचर के पनाई क्षेत्र के समीप स्थित लोडिया गाड़ गधेरे में नहाते समय दो स्कूली छात्रों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पांच बच्चे ट्यूशन का बहाना बनाकर घर से निकले और गदेरे में नहाने पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नहाने के दौरान एक छात्र गदेरे में बने गहरे भंवर में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में उसके चारों साथी भी पानी में कूद पड़े। इस कोशिश में दो बच्चे भंवर की चपेट में आकर गहराई में डूब गए। बच्चों ने खुद को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए।

घटना के दौरान बचे हुए तीन बच्चे मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाते रहे, लेकिन दूर-दराज क्षेत्र होने की वजह से उनकी आवाज समय पर किसी ने नहीं सुनी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान गौरव गुसाईं (निवासी डुंगरी गांव, नारायणबगड़) और दिव्यांशु बिष्ट (निवासी श्रीकोट, गौचर) के रूप में हुई है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गौचर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी गमगीन हैं और बच्चों की असमय मौत से स्तब्ध हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love