Spread the love

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, पुलिस उपनिरीक्षक संजीव नयन की मौके पर मौत

रुद्रप्रयाग।ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पुलिस संचार शाखा, जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात अपर उप निरीक्षक संजीव नयन जगूड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी बाइक से जवाड़ी बैरियर के समीप से गुजर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे श्रीनगर की ओर से आ रही एक तेज़ रफ्तार बस ने जवाड़ी बाईपास और गुलाबराय के बीच उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के पिछले टायर के नीचे आ गई और संजीव नयन के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

दुर्घटना की खबर मिलते ही कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

संजीव नयन (40 वर्ष) मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के निवासी थे और वर्तमान में देहरादून में रह रहे थे। वे वर्ष 2009 में वायरलेस विभाग में भर्ती हुए थे और पिछले 7 वर्षों से रुद्रप्रयाग जिले की संचार शाखा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने व्यवहार, कार्यनिष्ठा और समर्पण के लिए वे विभाग में खासे लोकप्रिय थे।

उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल पुलिस विभाग बल्कि आमजन के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई है। विभागीय अधिकारियों व सहकर्मियों ने उन्हें कर्मठ, विनम्र और उत्तरदायी अधिकारी के रूप में याद किया है।

पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।


Spread the love