जंगलिया गांव में खड़ी होली
Spread the love

जंगलिया गांव में खड़ी होली की धूम, रंग और रस में सराबोर हुआ पंचायत घर

नैनीताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के पंचायत घर में इस बार होली के अवसर पर पारंपरिक खड़ी होली की अनूठी छटा देखने को मिली। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर ऐसे सुर छेड़े कि पूरा माहौल होलीमय हो गया। ढोलक और मंजीरों की थाप पर गाए गए पारंपरिक होली गीतों ने ग्रामीणों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ दिया।

कार्यक्रम में पुरुषों ने पारंपरिक खड़ी होली गाकर नई पीढ़ी से अपनी लोक संस्कृति को अपनाने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। होलियारों ने “सुदामा जी को देख कर राम हंसे”, “ब्रज मंडल देश देखो रसिया”, “अबीर उड़ता गुलाल उड़ता” और “सीता बन में अकेली कैसे रही” जैसे लोकप्रिय होली गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे।

ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने कहा कि आज के दौर में जहां समाज तेजी से पाश्चात्य संस्कृति की ओर बढ़ रहा है, वहीं जंगलिया गांव के लोग अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

इस सांस्कृतिक आयोजन में प्रेम सिंह कुल्याल, मोहन सिंह पड़ियार, पुरन सिंह पड़ियार, राहुल पड़ियार, टीका राम, प्रकाश चंद्र, जगत सिंह कुल्याल, चंदन सिंह कुल्याल, राजेंद्र सिंह कुल्याल, त्रिलोक सिंह, दिनेश सिंह, कमल कुल्याल, नवीन कुल्याल सहित दर्जनों महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

रंग, संगीत और पारंपरिक उल्लास से सराबोर यह आयोजन गांव में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश दे गया। जंगलिया गांव में खड़ी होली की यह धूम देर शाम तक जारी रही और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।


Spread the love