जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में 60 शिकायतें दर्ज, क्षेत्रीय समस्याएं प्रमुखता से उठीं
भीमताल। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत गुरुवार को नगर पंचायत भीमताल के रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने की।
शिविर में पेयजल, सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, सड़क, अतिक्रमण, स्वास्थ्य, होम स्टे संचालन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी लगभग 60 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय समस्याएं भी उठीं

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने ग्राम पंचायत जंगलिया गांव की मुख्य समस्याओं को उठाते हुए जंगलिया गांव–बूढ़ा धूरा मोटर मार्ग को पक्का करने तथा राजकीय इंटर कॉलेज जंगलिया गांव में विज्ञान वर्ग प्रारंभ करने की मांग रखी।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाने, अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने तथा वीरान पड़ी औद्योगिक घाटी में आईटी आधारित रोजगार सृजन की मांग की।
मुख्य विकास अधिकारी ने इन मांगों पर संबंधित विभागों को परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान विभिन्न स्थानों पर पानी की लीकेज की शिकायत मिलने पर जल संस्थान को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। स्मार्ट विद्युत मीटर से अधिक बिल आने की शिकायत पर मीटर की जांच कर रीडिंग का मिलान करने के आदेश जारी किए गए। नौकुचियाताल क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान हेतु टैंक की क्षमता बढ़ाने और नए टैंक निर्माण के लिए निरीक्षण करने को कहा गया। वार्ड नंबर 6 में निर्मित पेयजल टैंक को एक सप्ताह के भीतर जल संस्थान को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नौकुचियाताल मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया, जबकि सिंचाई नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने हेतु सिंचाई और राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया। जून स्टेट भीमताल में भूमि विवाद की जांच के आदेश दिए गए तथा विद्यालयों में अध्यापकों की कमी और देरी से पहुंचने की शिकायत पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 80 लोगों का परीक्षण कर दवा वितरित की। आयुर्वेदिक (35) व होम्योपैथिक (40) विभाग ने भी निशुल्क उपचार किया।
कृषि, उद्यान, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, विद्युत, श्रम, समाज कल्याण, सहकारिता, पंचायतीराज, बाल विकास व राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ वितरित किए गए। 10 आधार कार्ड भी बनाए गए।
शिविर में विधायक राम सिंह कैड़ा, दायित्वधारी शांति मेहरा, अध्यक्ष नगर पालिका सीमा टमटा, एपीडी डीआरडीए चंदा फर्त्याल, ईओ राहुल कुमार सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
