Spread the love

बागेश्वर: स्नातक स्तरीय परीक्षा नकलविहीन कराने को पुलिस अलर्ट

सभी 9 परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा, संदिग्धों पर भी रखी जा रही पैनी नजर

📌 संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर। स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा 2025 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। रविवार को आयोजित परीक्षा के दौरान पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया और सभी 9 परीक्षा केंद्रों पर गहन निगरानी की गई।

परीक्षार्थियों को प्रवेश से पहले आधार कार्ड व पहचान पत्र की जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षकों और महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कराई गई। परीक्षा केंद्रों में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। इस दौरान एचएचएमडी डिवाइस से तलाशी लेकर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, पेन कैमरा, ईयरफोन, कैलकुलेटर व अन्य गैजेट्स को परीक्षा केंद्र से बाहर ही रखने की व्यवस्था की गई।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया। साथ ही केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 BNSS लागू की गई है।

पूरी व्यवस्था पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय साह और पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में व्यवधान डालने या झूठी व भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love