अल्मोड़ा: युवती का अश्लील वीडियो वायरल, पुलिस ने युवक पर मुकदमा किया दर्ज
अल्मोड़ा। सोमेश्वर कोतवाली क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र की एक युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना न केवल पीड़िता और उसके परिवार के लिए मानसिक आघात का कारण बनी है, बल्कि साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग के बढ़ते खतरे पर भी सवाल खड़े करती है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी जान-पहचान दो वर्ष पहले क्षेत्र के ही युवक हरीश नयाल से हुई थी। 1 सितम्बर 2025 को युवक नौकरी करने के लिए रुद्रपुर चला गया। इसके बाद दोनों की बातचीत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे मैसेंजर और व्हाट्सएप के जरिए जारी रही।
पीड़िता का कहना है कि 3 सितम्बर की रात हरीश ने उसे अश्लील वीडियो बनाने और भेजने का दबाव डाला। भरोसे में आकर उसने वीडियो साझा कर दिया। इसके बाद कई दिनों तक दोनों में बातचीत होती रही। लेकिन 14 सितम्बर को हरीश ने फोन पर युवती को बताया कि उसकी न्यूड फोटो गांव में वायरल हो रही है।
पीड़िता के मुताबिक, शुरुआत में युवक ने वायरलिंग की जानकारी से साफ इंकार किया, लेकिन 17 सितम्बर को ग्रामीणों के माध्यम से उसे पुष्टि हुई कि उसकी फोटो और वीडियो वास्तव में सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के जरिए फैल चुकी हैं। आरोप है कि वीडियो लीक करने के पीछे हरीश नयाल का ही हाथ है।
सोमेश्वर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईपीसी की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि साइबर एक्सपर्ट की मदद से वायरल हुए वीडियो की तकनीकी जांच कराई जाएगी। साथ ही, यह भी पता लगाया जाएगा कि वीडियो किस डिवाइस से और किन-किन प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच तेज कर दी गई है।
