Spread the love

हल्द्वानी व लालकुआं रेलवे स्टेशन पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज

हल्द्वानी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हल्द्वानी और लालकुआं रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प अब तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे प्रशासन, स्थानीय निकाय और अन्य विभागों ने स्टेशन परिसर में फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए संयुक्त मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को हल्द्वानी तहसील में रेलवे, वन, राजस्व, नगर निगम और पुलिस विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें अतिक्रमण चिन्हित कर उसे हटाने का निर्णय लिया गया।

बैठक के तुरंत बाद अधिकारियों की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी और लालकुआं स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। आज से ही अतिक्रमण चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण के आधार पर एक समेकित रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे मंत्रालय के अनुसार, अमृत भारत योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसरों का चरणबद्ध विकास किया जा रहा है। इसके तहत स्टेशन का सौंदर्यीकरण, यात्री सुविधाओं का विस्तार, प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाना, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और सर्कुलेटिंग एरिया का सुधार शामिल है। हल्द्वानी और लालकुआं स्टेशन भी इसी योजना का हिस्सा हैं।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने से पहले सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए जाएंगे, जिससे विवाद की स्थिति न बने। जनहित और सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान पूरी पारदर्शिता के साथ चलाया जाएगा।

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित रेलवे, राजस्व, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान से रेलवे की जमीन को फिर से उपयोग में लाया जा सकेगा, जिससे स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को तेजी से बढ़ावा मिलेगा।


Spread the love