Spread the love

प्रियंका तिवारी ने उत्तराखंड के लोकगीतों और देशभक्ति गीतों से सोशल मीडिया पर मचाया धमाल

उत्तराखंड: 36 वर्षीय प्रियंका तिवारी, जो मूल रूप से नैनीताल जिले के कोटाबाग की रहने वाली हैं, इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के लोकगीतों और देशभक्ति गीतों से धमाल मचा रही हैं। प्रियंका वर्तमान में इंद्रापुरम, गाजियाबाद में रहती हैं और एमबीए पास हैं। सरकारी नौकरी के लिए लंबा संघर्ष करने के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आज एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका के रूप में काम कर रही हैं।

प्रियंका तिवारी का सरल स्वभाव और धार्मिक प्रवृत्ति उन्हें विशेष पहचान दिलाती है। वह अपने स्कूल टाइम के छुट्टी के दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड के लोकगीतों को गाकर लोगों का दिल मोह लेती हैं। इसके अलावा, प्रियंका ने देशभक्ति और धार्मिक गीतों को भी सोशल मीडिया पर गाकर एक अलग ही पहचान बनाई है।

उत्तराखंड के लोकसंगीत प्रेमी प्रताप सिंह नेगी ने प्रियंका की सराहना करते हुए कहा, “प्रियंका ने एमबीए की डिग्री हासिल करने के बाद भी अपने संघर्षों को जारी रखा और आज वह एक अध्यापिका के साथ-साथ अपनी आवाज से उत्तराखंड के लोकगीतों, देशभक्ति गीतों और धार्मिक गीतों से पर्वतीय क्षेत्रों की महिला शक्ति का नाम रोशन कर रही हैं।”

नेगी ने यह भी कहा कि प्रियंका तिवारी की तरह हमारे पर्वतीय क्षेत्रों में और भी शिक्षित और डिग्री होल्डर महिलाएं हैं, जो नौकरी के अभाव में आगे नहीं आ पातीं। प्रियंका ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि इंसान अगर सच्ची लगन से काम करे, तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।

प्रियंका तिवारी के इस संघर्ष और सफलता की कहानी प्रेरणास्त्रोत बनकर अन्य महिलाओं को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दे रही है।


Spread the love