Spread the love

मालधन अस्पताल की स्थिति सुधारने को महिला एकता मंच का जनसंपर्क अभियान शुरू, 18 अगस्त को मालधन बंद का आह्वान

मालधनचौड़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधन में चिकित्सकों की नियुक्ति, ट्रांसफर रद्द करने और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर महिला एकता मंच ने मोर्चा खोल दिया है। मंच ने 18 अगस्त को मालधन बंद को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को गोपाल नगर नं. 6 में महिलाओं की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता कर रहीं पुष्पा ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को जीत की बधाई दी और उनसे “नशा नहीं, इलाज दो” अभियान में सक्रिय भागीदारी व नेतृत्व की अपील की।

बैठक में देवी ने कहा कि मालधन अस्पताल से फिजिशियन डॉ. प्रशांत कौशिक और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना कौशिक के पिथौरागढ़ ट्रांसफर के बाद अस्पताल की हालत बेहद दयनीय हो गई है। अब यहां नाममात्र की स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं बची हैं।

उन्होंने बताया कि मानकों के अनुसार अस्पताल में सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, रेडियोलॉजिस्ट, पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, इमरजेंसी और प्रसव जैसी सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध होनी चाहिए, लेकिन अधिकांश सुविधाएं नदारद हैं। इसके उलट सरकार स्वास्थ्य सुविधाएं देने के बजाय शराब की दुकानें खोलकर जनता को नशे में धकेल रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ममता आर्य ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि जनहित में 18 अगस्त को मालधन बाजार, शिक्षण संस्थान और बैंक पूरी तरह बंद रखें और बंद को सफल बनाएं।

बैठक में ग्राम प्रधान अंजू देवी, देवी आर्य, सरस्वती जोशी, रंजनी, ममता, पुष्पा, शिवानी, सरस्वती देवी, ममता देवी, हेमा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


Spread the love