Spread the love

तीन संदिग्धों के हमले की सूचना पर सुरक्षा बलों ने किया सफल ऑपरेशन, मॉक ड्रिल रही प्रभावशाली

काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन, आतंकी हमले से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण

हल्द्वानी, 09 जुलाई 2025 | जनपद नैनीताल के काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़े मॉक ड्रिल (अभ्यास) का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आतंकी हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और तैयारियों का आकलन करना था। यह मॉक ड्रिल “ऑपरेशन सिन्दूर” के तहत जीआरपी थाना काठगोदाम के नेतृत्व में संचालित की गई।

ड्रिल की परिकल्पना के अनुसार, स्टेशन प्रबंधक द्वारा सूचना दी गई कि तीन संदिग्ध आतंकी दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में हमला करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी, स्थानीय पुलिस, एसटीएफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ते (BDS), फायर सर्विस, चिकित्सा विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें त्वरित रूप से मौके पर पहुंचीं। स्टेशन को चारों ओर से घेर लिया गया और मुठभेड़ जैसी कार्रवाई के बाद सभी संदिग्धों को ‘निष्क्रिय’ कर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।

इस मॉक ड्रिल में एंटी टेरर स्क्वाड, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की संयुक्त भागीदारी रही। सभी एजेंसियों ने समयबद्ध, समन्वित और व्यवस्थित रूप से कार्रवाई कर अभ्यास को सजीव रूप प्रदान किया।

ड्रिल के दौरान संदिग्ध वस्तु की पहचान, घेराबंदी, लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को प्राथमिक उपचार और राहत कार्यों का पूर्ण अभ्यास किया गया। हर गतिविधि को वास्तविक स्थिति के अनुरूप अंजाम दिया गया।

एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र ने कहा कि, “इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आपातकालीन स्थितियों में तत्परता को सुनिश्चित करना है।”

प्रभारी आपदा प्रबंधन अधिकारी कमल मेहरा ने डी-ब्रीफिंग के दौरान कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई कमियों को भविष्य में दूर किया जाएगा। उन्होंने सभी सुरक्षा और राहत एजेंसियों के कार्य को संतोषजनक बताया।

इस मॉक ड्रिल की मॉनिटरिंग जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल द्वारा की गई और इसका समन्वय थाना प्रभारी जीआरपी काठगोदाम द्वारा सुनिश्चित किया गया।

मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सीओ नितिन लोहनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, तथा अन्य प्रशासनिक व सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love