हल्द्वानी में रामलीला कमेटी की बैठक संपन्न, होली पर्व के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
हल्द्वानी, 20 फरवरी। शहर में आगामी होली पर्व को भव्य, पारंपरिक और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से रामलीला कमेटी संचालन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक संरक्षक एवं नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें होली से जुड़े विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शहर के प्रबुद्ध जनों एवं ब्राह्मण समाज से विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से होली पर्व के कार्यक्रमों की तिथियां एवं समय निर्धारित किए गए। निर्णय के अनुसार 27 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे होली ग्राउंड, सिंधी चौराहा एवं पटेल चौक में पारंपरिक चीर बंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होली उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।
इसके पश्चात 2 मार्च को सायं 5:00 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। उसी दिन रात्रि 8:30 बजे सिंधी चौराहा स्थित होलिका दहन स्थल पर विधि-विधान से पूजन कर होलिका दहन किया जाएगा। 4 मार्च को रंगों की होली पूरे उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ मनाई जाएगी।
बैठक में रामलीला कमेटी के व्यास पं. गोपाल दत्त भट्ट, पं. विवेक शर्मा, पं. गणेश जोशी, रिसीवर ए.पी. वाजपेयी, मनोज गुप्ता, बिंदेश गुप्ता, एन.वी. गुणवंत, तनुज गुप्ता, योगेश शर्मा, विवेक कश्यप, दिनेश गुप्ता, अमित जोशी, अरुण अग्रवाल, भवानी शंकर, नीरज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने नागरिकों से अपील की कि होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि शहर में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।
