रामनगर | दो बड़ी चोरी का खुलासा, 30 लाख के सोने के जेवर और 12 लाख नकद बरामद
रामनगर क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए शातिर चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए गए सघन अभियान के तहत पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने कुल मिलाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण व बिस्किट तथा 12 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामला-1 : घर में चोरी, शातिर चोर गिरफ्तार
थाना रामनगर क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर निवासी श्रीमती सुमन पत्नी नरेंद्र ने 15 दिसंबर 2025 को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह 8 दिसंबर को दिल्ली गई थीं और 11 दिसंबर को वापस लौटने पर उनके घर से अज्ञात चोर द्वारा दो सोने के कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट चोरी कर लिए गए।
तहरीर के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 414/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 16 दिसंबर 2025 को पुलिस ने चोरपानी क्षेत्र स्थित रेलवे भूमि के खाली मैदान से नवदीप शर्मा पुत्र अनुज शर्मा, निवासी पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार किया। साथ ही एक विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो सोने के कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। बरामद आभूषणों की मौके पर ही वादिनी से शिनाख्त कराई गई, जिन्होंने इन्हें अपना बताया।
मामला-2 : शादी समारोह में चोरी, सांसी गैंग का पर्दाफाश
दूसरा मामला 3 नवंबर 2025 का है, जब उत्तर प्रदेश के संभल निवासी विकास अग्रवाल ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का विवाह टियारा रिसोर्ट, रामनगर में आयोजित था। समारोह के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने एक बैग चोरी कर लिया, जिसमें सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन रखा था।
इस मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 400/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी नैनीताल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने रिसोर्ट कर्मचारियों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
जांच में दो संदिग्धों की पहचान मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग से जुड़े अपराधियों के रूप में हुई। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश दी, जहां आरोपी फरार मिले। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी के बैग को बरामद कर लिया, हालांकि आरोपी जंगल और भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर फरार हो गए।
बरामद बैग से पुलिस को 12 लाख रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी और एक जोड़ी सोने की बालियां मिलीं। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
सांसी गैंग का तरीका
पुलिस के अनुसार सांसी गैंग का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। यह गिरोह बड़े होटल और रिसोर्ट में विवाह समारोह के दौरान मेहमान बनकर घुसता है और मौका मिलते ही नकदी व बहुमूल्य आभूषण चोरी कर फरार हो जाता है।
