निजी स्वार्थ के लिए पहाड़-मैदान की राजनीति कर रहे नेता: रीजनल पार्टी का आरोप, ऋतु खंडूरी और महेंद्र भट्ट से इस्तीफा की मांग
निजी स्वार्थ के लिए हो रही पहाड़ मैदान की राजनीति : सेमवाल।
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने उत्तराखंड में चल रही पहाड़-मैदान की राजनीति को लेकर एक कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के राजनीतिक दल निजी स्वार्थ के कारण पहाड़ और मैदान के बीच विवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। सेमवाल ने यह भी मांग की कि प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी और सांसद महेंद्र भट्ट को भी अपनी-अपनी पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
आज यहां प्रेस क्लब में आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम के दौरान पार्टी अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने पहाड़-मैदान की राजनीति करने वाले सभी राजनीतिक दलों और संगठनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी और सांसद महेंद्र भट्ट को भी तत्काल पद से इस्तीफा देना चाहिए।”
सेमवाल ने मीडिया और समाज के गणमान्य लोगों से अपील की कि पहाड़ और मैदान के बीच अभद्र बयानबाजी पर लगाम लगाई जाए। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड के लोगों को पहाड़ और मैदान के विभाजन के बजाय राज्य की असली समस्याओं जैसे गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए। लेकिन, दुर्भाग्यवश, कोई भी राजनीतिक दल मुद्दों पर काम करने के बजाय सिर्फ लोगों के जज्बातों से खेल रहा है।”
इस दौरान पार्टी में कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नए दायित्व सौंपे गए। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने सक्रिय कार्यकर्ताओं को मनोनयन पत्र प्रदान किए और प्रदेशहित में पूरी लगन से काम करने की अपील की।
नए पदाधिकारियों में देवेंद्र सिंह गुसाई को देहरादून का जिला अध्यक्ष, भगवती प्रसाद गोस्वामी को सैनिक प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष, सुमित्रा जोशी को जिला संगठन सचिव, नवीन पंत को व्यापार प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष, और बसंती गोस्वामी को जिला प्रचार सचिव के रूप में मनोनीत किया गया। इसके अलावा, सुमन रावत को बालावाला मंडल अध्यक्ष, रजनी कुकरेती को उपाध्यक्ष, और गीता पंत को हाथी बड़कला वार्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर कई लोग पार्टी में शामिल हुए, जिनमें माधो सिंह नेगी, दिगपाल सिंह बंगारी, जगमोहन सिंह झिकंवाण, प्रमोद जोशी, कपिल पूनिया, महावीर सिंह रावत, रेशमा, सोहन कौशल, जगदंबा बिष्ट, नवीन पंत, गीता पंत, सुमन रावत, रजनी कुकरेती सहित अन्य लोग शामिल थे।
सदस्यता अभियान कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने की, जबकि पार्टी के प्रदेश प्रचार सचिव विनोद कोठियाल, संगठन सह सचिव राजेंद्र सिंह गुसाई, सुरेंद्र सिंह चौहान, मुकेश, मंजू रावत, जगदंबा बिष्ट, नीलम लखेड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
