हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण कार्य को मिली रफ्तार, मंडी पुलिस चौकी शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज
Spread the love

हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण कार्य को मिली रफ्तार, मंडी पुलिस चौकी शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज

हल्द्वानी। शहर में तीन पानी चौराहे से नरीमन तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है और अवरोधों को शीघ्र हटाने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने मंडी पुलिस चौकी के स्थानांतरण को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी, मंडी सचिव एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रही मंडी पुलिस चौकी को शीघ्र अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा प्राधिकरण विकास मद से मंडी पुलिस चौकी के निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह राशि लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है। अब उक्त भवन का निर्माण कार्य मंडी परिषद द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि आवंटित धनराशि जल्द से जल्द मंडी परिषद को स्थानांतरित की जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिस चौकी भवन के नक्शे में जरूरी संशोधन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए और उसे शीघ्र मंडी परिषद को प्रेषित किया जाए। साथ ही टेंडर प्रक्रिया को भी त्वरित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जिससे निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि तीन पानी से नरीमन तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मार्ग पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क चौड़ीकरण परियोजना समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हो सके तथा शहरवासियों को जल्द से जल्द बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।


Spread the love