भारी बारिश की चेतावनी पर नैनीताल जिले में 1 दिन के लिए स्कूल बंद
1 सितंबर को सभी शैक्षिक संस्थान रहेंगे बंद, छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए आदेश जारी
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने नैनीताल जिले में सोमवार, 1 सितंबर 2025 को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है, जिसके चलते जनपद में भूस्खलन, जलभराव और अन्य आपदाओं की आशंका बढ़ गई है।
जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 01 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्र 1 दिन के लिए बंद रहेंगे।
आदेश में कहा गया है कि भारी वर्षा की स्थिति में जनपद के मार्ग अवरुद्ध हो सकते हैं, नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और सतर्क रहें। साथ ही आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
