Spread the love

वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति हल्द्वानी की बैठक संपन्न, निष्क्रिय सदस्यों को चेतावनी — पर्यावरण संरक्षण को लेकर “प्राण-वायु” मुहिम में भागीदारी का आह्वान

हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति हल्द्वानी की कार्यकारिणी की एक आवश्यक बैठक शुक्रवार को समिति के कार्यालय सभागार (पं. गोविंद बल्लभ पंत पुस्तकालय भवन) में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष श्री इंद्र सिंह निगल्टिया ने की, जबकि संचालन महामंत्री श्री डी. के. पांडेय द्वारा किया गया। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर कई निर्णय लिए गए।

बैठक में यह पाया गया कि कई सदस्य पिछले कई महीनों से समिति की मासिक बैठकों और कार्यक्रमों में उपस्थित नहीं हो रहे हैं, साथ ही वे अपना निर्धारित मासिक अनुदान ₹100 प्रतिमाह भी जमा नहीं कर रहे हैं। समिति ने ऐसे सभी सदस्यों से पुनः अनुरोध किया है कि वे इस माह की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों और अपना अनुदान (वार्षिक ₹1200 या अर्द्धवार्षिक ₹600) समिति के कोषाध्यक्ष के पंजीकृत मोबाइल नंबर 9410713484 पर ऑनलाइन प्रेषित करें। भुगतान की रसीद उन्हें तुरंत व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो संबंधित सदस्यों को समिति के व्हाट्सएप ग्रुप से हटाने पर विचार किया जाएगा।

बैठक में समिति की सदस्यता बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने संपर्क के वरिष्ठ नागरिकों को समिति से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

इसके अतिरिक्त, गोल्डन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड के माध्यम से निजी और सरकारी अस्पतालों में दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा भी की गई। समिति ने कहा कि यदि किसी वरिष्ठ नागरिक को इन योजनाओं के लाभ में किसी प्रकार की कठिनाई हो, तो वह संबंधित विवरण समिति को उपलब्ध कराए, ताकि मामले को उच्च अधिकारियों तक भेजा जा सके।

दिनांक 25 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी के साथ हुई संयुक्त बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं से संबंधित दिए गए ज्ञापन पर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान समिति ने प्रगति के अभाव पर असंतोष जताया और निर्णय लिया कि इस बाबत पुनः जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। समिति के स्थायी सदस्य प्रोफेसर शिवदत्त तिवारी द्वारा संचालित “प्राण-वायु” मुहिम की सराहना करते हुए समिति ने निर्णय लिया कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत सभी सदस्य अपने घर, मोहल्ले और कॉलोनियों में पर्यावरण संरक्षण के संदेश का प्रसार करेंगे।

इस अवसर पर प्रो. तिवारी के प्रेरणा से श्री बाला दत्त सुयाल, श्री मदन सिंह बिष्ट, श्री महेश चंद्र आर्या और श्री जीवन चंद्र डाला कोटी ने समिति की स्थायी सदस्यता ग्रहण की, जिनका स्वागत तालियों की गड़गड़ाहट के बीच किया गया।

बैठक में श्री दया किशन बल्लूटिया, श्री दिनेश चंद्र पंतोला, श्री मोहन सिंह जन्तवाल, श्री भैरव दत्त जोशी, श्री प्रताप सिंह जन्तवाल, डॉ. शिवदत्त तिवारी, श्री आर.एस. ऐरी, श्री एल.एम. लोहनी, श्री पद्मा दत्त पांडे, श्री विष्णु सिंह रावत, श्री सुशील कुमार गुप्ता सहित अनेक कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।


Spread the love