सिर पर पत्थर से हमला
Spread the love

हल्द्वानी में सनसनी! युवती का पीछा कर जबरन शादी का दबाव, इनकार पर सिर पर पत्थर से हमला

हल्द्वानी। नगर क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से सामने आए एक सनसनीखेज मामले में एक युवक पर युवती का लगातार पीछा करने, छेड़छाड़ करने और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। विरोध करने पर आरोपी ने युवती पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है।

पीड़िता की दादी, निवासी जवाहर नगर, द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि आरोपी युवक अन्ना पुत्र जाहिद, निवासी गौला गेट, जवाहर नगर, उनकी पोती का लंबे समय से पीछा कर रहा था। युवती जब भी घर से बाहर निकलती, आरोपी उसका रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता और उसे जबरन उठाकर शादी करने की धमकी देता था। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं।

घटना 07 फरवरी की बताई जा रही है। जब युवती सामान लेने के लिए घर से निकली, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और जबरन पकड़कर गौला की ओर ले जाने लगा। युवती के विरोध और शादी से साफ इनकार करने पर आरोपी ने पास पड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया और गाली-गलौच करते हुए मौके से फरार हो गया।

घायल युवती को तत्काल सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में गंभीर चोट की पुष्टि की है। पीड़िता का उपचार जारी है।

घटना के बाद पीड़िता पक्ष में आक्रोश है। परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

बनभूलपुरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक डी.एस. फर्त्याल ने बताया कि युवती की दादी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Spread the love

You missed