हल्द्वानी में सनसनी: घर में घुसा 10 फीट लंबा पाइथन, मचा हड़कंप — रेस्क्यू टीम ने ऐसे बचाई जान
हल्द्वानी के गंगापुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक 10 फीट लंबा विशालकाय पाइथन अचानक एक घर में घुस गया। घर के अंदर अजगर को देखते ही परिवार के होश उड़ गए और जान बचाने के लिए सभी लोग तुरंत घर से बाहर भागे।
जानकारी के अनुसार, गंगापुर निवासी दिनेश बमेठा ने करीब 3 बजे वन विभाग को इस खौफनाक घटना की सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
हिम्मत जुटाकर परिजनों ने किसी तरह अजगर को घर से बाहर निकाला, लेकिन झाड़ियों में छिपे इस खतरनाक सांप को पकड़ना आसान नहीं था। सूचना मिलते ही हल्द्वानी वन प्रभाग और तराई पूर्वी वन प्रभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम के सदस्य सुभाष और उनके साथियों ने काफी मशक्कत और जोखिम उठाते हुए आखिरकार अजगर को काबू में कर लिया। काफी देर चले इस ऑपरेशन के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा गया, जिसके बाद पूरे इलाके ने राहत की सांस ली।
अजगर के रेस्क्यू होने के बाद परिजनों ने वन विभाग की टीम का आभार जताया। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस खतरनाक पाइथन को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
इस दौरान वन दरोगा गणेश चंद्र पांडे, धर्मेंद्र मेहरा, रेस्क्यू सदस्य कन्नू और हेमू समेत अन्य कर्मी मौके पर मौजूद रहे।
