अल्मोड़ा में जंगल में आग
Spread the love

🔥 पाला, कड़ाके की ठंड… फिर भी धधकते जंगल! अल्मोड़ा में तड़के भड़की आग, मची अफरा-तफरी

अल्मोड़ा।कड़ाके की ठंड और सुबह पड़ रहे घने पाले के बीच भी जंगलों में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। तापमान जहां गिरकर एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर जंगल आग की लपटों से धधकते नजर आ रहे हैं। बुधवार तड़के अल्मोड़ा जिले में एक बार फिर जंगल में आग लगने की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

एनटीडी कसारदेवी सड़क मार्ग पर पपरशैली के समीप जंगल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सड़क किनारे तक पहुंच गई। आग की लपटें आबादी की ओर बढ़ने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सुबह-सुबह उठे लोगों ने जब जंगल से उठती आग और धुएं का गुबार देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर टीम मौके पर पहुंची और होज रील की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

अग्निशमन अभियान में एलएफएम ओम प्रकाश, उमेश कुमार, नीरू और पूजा थापा सहित टीम के अन्य जवान शामिल रहे। उनकी तत्परता से आग को फैलने से रोका जा सका और आबादी को सुरक्षित बचा लिया गया। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि जिले के विभिन्न इलाकों में बीते कुछ दिनों से लगातार जंगल आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद आग लगने की घटनाएं वन विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ा रही हैं। सवाल यह है कि ठंड के मौसम में भी जंगलों में आग कैसे लग रही है और इन पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।


Spread the love

You missed