रुड़की: होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 13 लोग हिरासत में
कोतवाली पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त छापेमारी
रुड़की। कोतवाली पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम एक होटल में छापेमारी कर देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान होटल के प्रबंधक सहित कुल 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें आठ युवतियां और पांच युवक शामिल हैं।
यह छापेमारी मलकपुर चुंगी के पास स्थित होटल श्रीनिवास में की गई, जहां पुलिस को लंबे समय से देह व्यापार चलने की सूचनाएं मिल रही थीं। छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से युवक और युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गए।
पुलिस और एएचटीयू की टीम ने होटल की चारों ओर से घेराबंदी कर सभी को कस्टडी में लिया और मौके पर ही पूछताछ शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि होटल में आने वाले ग्राहकों को न केवल कमरा उपलब्ध कराया जाता था, बल्कि युवतियों की व्यवस्था भी करवाई जाती थी। कुछ मामलों में ग्राहकों की मांग पर युवतियों को होटल से बाहर भी भेजा जाता था।
कोतवाली सिविल लाइंस के प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में होटल मैनेजर से गहन पूछताछ की जा रही है और सभी गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और अन्य संबंधित लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि छानबीन पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
