Spread the love

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती: 1 से 9 नवम्बर तक मनाया जाएगा स्थापना सप्ताह

हल्द्वानी, 13 अक्टूबर 2025 । उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 1 नवम्बर से 9 नवम्बर 2025 तक पूरे जनपद में राज्य स्थापना सप्ताह हर्षोल्लास और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में विविध सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासोन्मुखी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

इसी संदर्भ में सोमवार को प्रभारी जिलाधिकारी अनामिका की अध्यक्षता में जिला सहकारी बैंक सभागार, हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियां और आयोजन स्थलों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि रजत जयंती समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों की सहभागिता से नदी स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक संध्याएं, क्विज, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग, ट्रैकिंग, स्वच्छता अभियान, पेयजल टैंकों व स्रोतों की विशेष सफाई, बायर-सेलर मीट, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, फूड फेस्टिवल जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदार अधिकारी एवं समय-सारणी जल्द तैयार कर प्रस्तुत करें ताकि राज्य स्थापना सप्ताह को भव्य, अनुशासित और यादगार रूप में मनाया जा सके।

प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतिम चरण में 7, 8 और 9 नवम्बर को नैनीताल जिला मुख्यालय में विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में स्थानीय लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और राज्य के कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एपीडी चंदा फर्त्याल, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love