20 हजार का लोन, वसूली 1.20 लाख20 हजार का लोन, वसूली 1.20 लाख - 1
Spread the love

छोटा लोन, बड़ी वसूली! 20 हजार के बदले 1.20 लाख मांगने पर बवाल

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। शहर के रुद्रपुर क्षेत्र में स्थित एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में लोन वसूली को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। एक महिला खाताधारक ने कंपनी कर्मचारियों पर बंधक बनाने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मामला आवास विकास क्षेत्र, नैनीताल हाईवे पर स्थित ‘संपूर्ण जीवन धन निधि लिमिटेड’ के कार्यालय से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि रेखा नाम की एक महिला अपने गारंटर के साथ कंपनी कार्यालय पहुंची थी। महिला का कहना है कि उसने करीब 20 हजार रुपये का लोन लिया था, लेकिन कंपनी की ओर से उसे करीब 1.20 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा गया।

यह भी पढ़ें 👉 हरिद्वार में सनसनीखेज खुलासा: पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या, आत्महत्या का दिया था रूप

महिला के मुताबिक, जब उसने इस संबंध में कंपनी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे कार्यालय में रोककर दबाव बनाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर महिला ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी बढ़ चुका था और कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। इसी दौरान महिला का गारंटर भी मौके पर पहुंच गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी में किताबों के खेल पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, स्कूलों-बुक सेलर्स पर कसा शिकंजा

घटना के दौरान कंपनी के एक एमडी पर महिला को गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया। वहीं, कुछ देर बाद कंपनी की एक महिला डायरेक्टर, जिन्हें एमडी की पत्नी बताया जा रहा है, भी मौके पर पहुंचीं। महिला खाताधारक ने उन पर भी हथियार दिखाकर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है।

आवास विकास चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज रतूड़ी ने बताया कि दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर पूछताछ की गई है। पुलिस के अनुसार, महिला और कंपनी प्रबंधन दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love