कड़े सुरक्षा पहरे में सम्पन्न हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा, SSP नैनीताल प्रहलाद मीणा ने किया निरीक्षण
सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग, संदिग्ध गतिविधियों और अफवाहों पर पुलिस की पैनी नजर
नैनीताल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार, 21 सितंबर 2025 को जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।

SSP नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा स्वयं कई परीक्षा केंद्रों — जिनमें नैनी वैली, सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और क्वीन पब्लिक स्कूल शामिल हैं — पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अलर्ट मोड पर ड्यूटी निभाने के स्पष्ट आदेश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक परीक्षार्थी की DFMD, HHMD और फ्रिस्किंग प्रक्रिया से जांच की गई। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में लाने पर सख्त रोक रही। परीक्षा केंद्रों को CCTV कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग से निगरानी में रखा गया।

जनपद की एलआईयू और एसओजी टीमें भी सक्रिय रहीं और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक व अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की सख्त निगरानी रही।
नोडल अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। SSP मीणा ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।
