एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा और कमांडेंट प्रीति प्रियदर्शिनी को सीनियर सलेक्शन ग्रेड में मिली पदोन्नति
नैनीताल, 14 जनवरी 2025: आईजी कुमायूं रेंज, डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा और 31वीं वाहिनी पीएसी रूद्रपुर की कमांडेंट प्रीति प्रियदर्शिनी को सीनियर सलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति मिलने पर कंधे पर सितारे और कॉलर बैंड लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नैनीताल पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
दोनों अधिकारियों का चयन वर्ष 2012 में सिविल सेवा में हुआ था और वे वर्तमान में उत्तराखंड में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने पूर्व में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिसमें एसपी रूद्रप्रयाग, एसएसपी अल्मोड़ा और एसपी हल्द्वानी शामिल हैं। वर्तमान में वे नैनीताल जनपद के एसएसपी के रूप में युवाओं को नशे के मकड़जाल से बचाने हेतु नशे के तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
उनकी कार्यकाल में महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी रही हैं, जैसे कि 2018 में लेह लद्दाख में चाइना इंडिया बॉर्डर पर आईटीबीपी के साथ पुलिस सेल्यूट, 2019 में कैलास मानसरोवर यात्रा के लाइजनिंग ऑफिसर के तौर पर कार्य, और भारतीय वायुसेना के साथ साहसिक अभ्यास में 5000 फीट की ऊंचाई से पैरा जम्प लगाना। इसके अलावा, उन्हें मुख्यमंत्री सुशासन पुरस्कार से भी नवाजा गया है।
आईपीएस प्रीति प्रियदर्शिनी ने भी चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, और नैनीताल के एसएसपी के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया है। वे वर्तमान में 31वीं वाहिनी पीएसी रूद्रपुर में कमांडेंट के पद पर तैनात हैं। उनके द्वारा किए गए समर्पण और कार्य में उत्कृष्टता को देखते हुए उन्हें 2017 में ‘सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न’ और 2022 में ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से नवाजा गया। इसके अलावा, वर्ष 2021 में वे देश के टॉप 50 कप्तानों में शामिल हो चुकी हैं।
दोनों अधिकारियों को सीनियर सलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति मिलने पर पुलिस विभाग में खुशी की लहर है और उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रशंसा मिल रही है।

