SSP नैनीताल का बेतालघाट में जन-संवाद: जनता की समस्याओं पर मौके पर समाधान, बढ़ा पुलिस पर भरोसा

बेतालघाट (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने रविवार को सुदूरवर्ती थाना बेतालघाट पहुंचकर “जन-संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान SSP ने न सिर्फ फरियादियों की बातों को गंभीरता से सुना, बल्कि कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश देकर पीड़ितों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरे।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रांतीय व्यापार मंडल बेतालघाट द्वारा कुमाऊनी रीति-रिवाजों के साथ SSP नैनीताल का भव्य स्वागत किया गया। डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बेतालघाट को प्रकृति की गोद में बसा एक मनमोहक क्षेत्र बताते हुए इसकी प्रशंसा की।
जन-संवाद में खुलकर सामने आईं समस्याएं
SSP के सरल, सहज और मित्रवत व्यवहार से प्रभावित होकर फरियादियों ने बेझिझक अपनी समस्याएं रखीं। जन-संवाद के दौरान SSP ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
🔹 जुआ शिकायत पर सख्ती:
जुआ खेले जाने की शिकायत पर थानाध्यक्ष बेतालघाट को जुआ संचालकों के साथ-साथ संरक्षकों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
🔹 पुलिस चौकी और स्टाफ की मांग:
पुलिस चौकी निर्माण एवं स्टाफ बढ़ाने के सुझाव पर एसपी क्राइम, एसपी दूरसंचार और क्षेत्राधिकारी भवाली को सर्वे कर रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। फिलहाल देखरेख चौकी और भविष्य में स्थायी चौकी बनाए जाने का आश्वासन दिया गया।
🔹 फायर स्टेशन की मांग:
क्षेत्र में फायर स्टेशन न होने की समस्या पर थाने के पास भूमि चयन कर मिनी फायर स्टेशन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
🔹 स्कूल बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा:
स्कूल जाने और छुट्टी के समय भारी वाहनों व डंपरों के आवागमन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। तय समय (प्रातः 8 से 10 और सायं 3 से 5 बजे) बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नियम उल्लंघन पर वाहन सीज की कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने स्पष्ट कहा कि “अब केवल शिकायतें सुनना ही नहीं, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
थाना निरीक्षण और कर्मचारी सम्मेलन
जन-संवाद के बाद SSP नैनीताल ने थाना बेतालघाट का निरीक्षण किया। थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस शाखा और भोजनालय का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
बाजार भ्रमण और लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा
अपने भ्रमण के दौरान SSP ने बेतालेश्वर मंदिर में दर्शन किए और स्थानीय बाजार का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बाजार भ्रमण के दौरान उन्होंने लोकल फॉर वोकल की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय काश्तकारों से मडुवा, ऑर्गेनिक मसाले सहित अन्य जैविक उत्पाद क्रय किए, जिससे स्थानीय किसानों का मनोबल बढ़ा।
पुलिस-जनता के बीच भरोसे की मजबूत पहल
SSP नैनीताल की इस पहल से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने SSP के व्यवहार और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जन-संवाद कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच की दूरियों को कम कर विश्वास की नींव को मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली, थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
