नैनीताल में लापरवाह विवेचकों पर गिरी गाज, एसएसपी ने दो को निलंबित, दो को कर दिया लाइन हाजिर
नैनीताल, 03 सितम्बर। जनपद नैनीताल में विवेचनात्मक कार्यवाहियों में लापरवाही बरतने वाले चार पुलिस विवेचकों पर एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने कठोर कार्रवाई की है। बुधवार को आयोजित आदेश कक्ष में एसएसपी ने समस्त विवेचकों की समीक्षा की और गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दो विवेचकों को निलंबित तथा दो को लाइन हाजिर कर दिया।
लापरवाह विवेचकों में उपनिरीक्षक हरजीत सिंह राणा और अपर उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह को निलंबित किया गया है, जबकि उपनिरीक्षक मोहम्मद युनुस और उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा को लाइन हाजिर करने के आदेश दिए गए।
एसएसपी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि—
-
गुमशुदगी की विवेचनाओं में गंभीरता बरती जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही पर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
-
गुमशुदाओं से संबंधित सभी पोर्टलों पर डाटा अंकन और प्रचार-प्रसार संबंधी कार्यवाही अनिवार्य रूप से की जाए।
-
विवेचनाओं को अकारण लंबित न रखा जाए तथा संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण किया जाए।
-
मा. न्यायालयों से संबंधित लंबित कार्यवाही और पत्राचार समय पर पूर्ण किया जाए।
-
क्षेत्राधिकारी अपने स्तर पर विवेचनाओं का प्रभावी पर्यवेक्षण करें और अकारण लंबित मामलों पर अनुस्मारक जारी करें।
एसएसपी मीणा ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई सरकारी कर्मी अथवा विवेचक न्यायालय में गवाही देने हेतु अनुपस्थित पाया गया या प्रकरणों में लापरवाही की गई, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
आदेश कक्ष में डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल), श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल (सीओ लालकुआं), श्री नितिन लोहनी (सीओ हल्द्वानी), श्री सुमित पांडे (सीओ रामनगर) सहित जिले के सभी विवेचक मौजूद रहे।

