हल्द्वानी: दुष्कर्म मामले में लापरवाही पर SSP की सख्त कार्रवाई, लालकुआं थाने की महिला दरोगा निलंबित
हल्द्वानी। महिला अपराधों को लेकर उत्तराखंड पुलिस की सख्त नीति के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने बड़ी कार्रवाई की है। लालकुआं थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक (एसआई) अंजू नेगी को दुष्कर्म के एक मामले की विवेचना में गंभीर लापरवाही और प्रतिवादी को लाभ पहुंचाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
मामला अक्टूबर 2025 का है, जब लालकुआं थाने में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि विवेचना के दौरान महिला एसआई अंजू नेगी द्वारा प्रतिवादी भगवत सरण को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा था। जांच में यह बात सामने आने के बाद एसएसपी नेगी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है और महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।
