Spread the love

3,323 फर्जी राशन कार्ड मिलने के बाद जिला पूर्ति विभाग ने बढ़ाई सख्ती

देहरादून, 9 जुलाई 2025। जिले में सामने आए राशन कार्ड फर्जीवाड़े के मामलों के बाद जिला पूर्ति विभाग ने नियमों को सख्त कर दिया है। अब नए राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदक को परिवार की वार्षिक आय का प्रमाणपत्र देने के साथ-साथ बैंक खाते की छह माह की स्टेटमेंट भी प्रस्तुत करनी होगी। आय निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने पर परिवार को राशन कार्ड की पात्रता से बाहर कर दिया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) के.के. अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में हुई जांच में 3,323 फर्जी राशन कार्ड सामने आए हैं। इनमें कई ऐसे परिवार थे जिनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होने के बावजूद वे सरकारी सस्ते गल्ले की योजना का अनुचित लाभ ले रहे थे।

इसके बाद विभाग ने राशन कार्ड प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और अपात्र लाभार्थियों को बाहर करने के लिए कई नए प्रावधान लागू किए हैं। अब नए आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से मांगे जाएंगे:

  • परिवार की वार्षिक आय प्रमाणपत्र
  • परिवार के सभी सदस्यों के बैंक खाते की 6 माह की स्टेटमेंट
  • पहचान व निवास प्रमाणपत्र
  • अन्य आवश्यक दस्तावेज (जैसे आधार, मोबाइल नंबर इत्यादि)

इसके साथ ही, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक भी आवेदनकर्ता परिवार के सामाजिक-आर्थिक स्थिति की गोपनीय जांच करेंगे। माली हालत, जीवनशैली और अन्य सूचनाओं के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

डीएसओ अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जिन परिवारों की वास्तविक आय पात्रता से अधिक होगी, उन्हें राशन कार्ड से वंचित किया जाएगा। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि केवल योग्य और ज़रूरतमंद लोग ही सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।


Spread the love